Blog

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिला अखिल भारतीय महापौर परिषद का प्रतिनिधिमंडल

ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने तीर्थ एवं पर्यटन नगरी की चुनौतियों और संसाधनों की जरूरत को प्रमुखता से उठाया

नई दिल्ली(दिलीप शर्मा): अखिल भारतीय महापौर परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार भेंट कर देशभर के नगर निकायों के समक्ष मौजूद चुनौतियों एवं शहरी विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

बैठक में विभिन्न राज्यों से आए महापौरों ने हिस्सा लिया। प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान भी शामिल रहे, जिन्होंने ऋषिकेश नगर की विकास संबंधी आवश्यकताओं और स्थानीय निकायों को अधिक सशक्त बनाने की जरूरत पर विस्तार से अपनी बात रखी।

नगर निकायों की वित्तीय मजबूती और शहरी विकास पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान महापौरों ने नगर निकायों की वित्तीय आवश्यकताओं, स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, आधारभूत संरचना के विकास तथा स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को अधिक आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाने से जुड़े मुद्दों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया।

ऋषिकेश की विशेष परिस्थितियों से कराया अवगत

महापौर शंभू पासवान ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि ऋषिकेश एक प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन नगरी होने के कारण यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे शहर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए नगर निगम को पर्याप्त वित्तीय एवं प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाना आवश्यक है, ताकि नागरिकों और आगंतुकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने कहा कि यदि नगर निकायों को पर्याप्त सहयोग और संसाधन मिलें तो विकास कार्यों में और अधिक तेजी लाई जा सकती है तथा शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने सहयोग का दिया भरोसा

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नगर निकायों की समस्याओं के समाधान तथा शहरी विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

महापौर ने जताया आभार

बैठक के अंत में महापौर शंभू पासवान ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से ऋषिकेश सहित देशभर के नगर निकायों में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लक्ष्य को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button