
देहरादून, 19 जुलाई(दिलीप शर्मा): लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून के थाना कैंट क्षेत्र स्थित संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी के बीच बने टापू पर फंसे सात लोगों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, कुशल रणनीति और पेशेवर दक्षता के चलते सभी लोगों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

सीसीआर से सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम
एसडीआरएफ को शनिवार को सीसीआर, देहरादून के माध्यम से सूचना मिली कि संतला देवी मंदिर के निकट नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण सात व्यक्ति नदी के बीच बने टापू पर फंस गए हैं और तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
तेज बहाव और फिसलन के बीच चलाया गया जोखिमभरा अभियान
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि लगातार वर्षा के कारण नदी का बहाव अत्यधिक तेज हो चुका था। चारों ओर से उफनती धारा से घिरे सभी लोग टापू पर फंस गए थे और उनके लिए स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव, फिसलनयुक्त किनारों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों का उपयोग करते हुए फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाई।
एक-एक कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला
सुनियोजित और जोखिमपूर्ण अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम ने सभी सात लोगों को एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। अभियान के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।
त्वरित कार्रवाई से टली संभावित जनहानि
एसडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया, उत्कृष्ट समन्वय और पेशेवर रेस्क्यू क्षमता के चलते एक संभावित जनहानि को टाल दिया गया। स्थानीय लोगों ने भी एसडीआरएफ और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों के नाम
- मुकेश (35 वर्ष), निवासी बल्लीवाला।
- सुशील (36 वर्ष), निवासी सीमा द्वार।
- प्रेम कुमार (27 वर्ष), निवासी सीमा द्वार।
- रोशन गुप्ता (32 वर्ष), निवासी सीमा द्वार।
- राजीव (30 वर्ष), निवासी सीमा द्वार।
- पवन सिंह (25 वर्ष), निवासी सीमा द्वार।
- सूरज साहनी (30 वर्ष), निवासी सीमा द्वार।










