कांवड़ मेला-2026: डीएम-एसएसपी ने यात्रा मार्ग का किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
मुनिकीरेती में समीक्षा बैठक, यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश; पार्किंग, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई व्यापक समीक्षा

मुनिकीरेती/टिहरी,24 जुलाई(दिलीप शर्मा): कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनिकीरेती एवं तपोवन क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों और प्रमुख व्यवस्थाओं का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का विस्तृत आकलन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, रामझूला रहेगा अस्थायी रूप से बंद
संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने जानकी पुल, मुनिकीरेती, तपोवन, रामझूला पुल और बजरंग सेतु सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रामझूला पुल को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं एसडीआरएफ की तैनाती, घाटों की सुरक्षा, शौचालय, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने, गंगा के जलस्तर की निरंतर निगरानी रखने, आवश्यकता पड़ने पर समय रहते चेतावनी जारी करने तथा प्रत्येक ड्यूटी स्थल पर कार्मिकों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलों में किसी भी प्रकार की क्षति होने पर तत्काल मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।
पुलों पर फोटो-वीडियो बनाने पर रहेगी रोक
जिलाधिकारी ने लक्ष्मण झूला, जानकी सेतु और बजरंग सेतु पर समय रहते व्यू-कटर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को पुलों पर रुककर फोटो एवं वीडियो बनाने से रोका जाए, ताकि अनावश्यक भीड़ न लगे और आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे। इसके साथ ही कांवड़ मार्ग पर प्रभावी बैरिकेडिंग, नियमित साफ-सफाई और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पार्किंग स्थलों पर मिलेगी सभी मूलभूत सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ढालवाला, चन्द्रभागा एवं मुनिकीरेती पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने पार्किंग रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम एवं संपर्क नंबर अंकित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पार्किंग क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा।
स्मार्ट, मोबाइल और पिंक टॉयलेट की होगी व्यवस्था
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती के अधिशासी अधिकारी को कांवड़ यात्रा मार्ग एवं पार्किंग स्थलों पर स्मार्ट टॉयलेट, मोबाइल टॉयलेट और पिंक टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने और पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं को एलईडी स्क्रीन से मिलेगी जरूरी जानकारी
भद्रकाली क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली एलईडी स्क्रीन को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप आई-लेवल पर लगाने के निर्देश दिए गए। इन स्क्रीन के माध्यम से कांवड़ यात्रियों को यातायात रूट प्लान, मौसम संबंधी जानकारी एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने भद्रकाली में निर्माणाधीन पुलिस बैरक का निरीक्षण भी किया तथा नगर पालिका को रैन बसेरा संचालित रखने, प्रमुख स्थलों पर साइनेज लगाने, खोया-पाया केंद्र स्थापित करने और चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा शुरू होने से पहले पूरी हों सभी तैयारियां
निरीक्षण के बाद नगर पालिका सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पूर्व वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने सभी रेखीय विभागों को 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक दिए गए विशेष निर्देश
बैठक में स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, होटल एवं ढाबों में साफ-सफाई, पार्किंग और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर पंचायत तपोवन को विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट पोल एवं अन्य संरचनाओं का सुरक्षा परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा सभी ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विद्युत पोल का सेफ्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने और सुरक्षा उपकरणों की जांच करने, जबकि वन विभाग को यात्रा मार्ग पर बाधक पेड़ों की समयबद्ध लॉपिंग-चॉपिंग तथा नीर वाटर फॉल को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए।
होटल-ढाबों की होगी नियमित जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त अभियान चलाकर होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण करने तथा रेट सूची का अनिवार्य प्रदर्शन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा अग्निशमन विभाग को सभी उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य शिविर और एंबुलेंस रहेंगी तैनात
मुख्य चिकित्साधिकारी को कांवड़ यात्रा मार्ग पर उपयुक्त स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने, स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने तथा यात्रा अवधि के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आश्रमों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से अतिरिक्त स्वास्थ्य शिविर संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
सीसीटीवी, ड्रोन और क्यूआरटी से होगी निगरानी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल एवं अधिकारियों की तैनाती की जा रही है।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी, प्रभावी भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों एवं घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा तैयार किए गए ट्रैफिक एवं यातायात प्रबंधन प्लान की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, थाना प्रभारी मुनिकीरेती प्रदीप चौहान, तपोवन एवं मुनिकीरेती के अधिशासी अधिकारी, ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष राजेश लांबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












