उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कूटी और कार से 772 पव्वे अवैध शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

नशा मुक्त अभियान के तहत जंगलात बैरियर और आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, आबकारी अधिनियम में दो मुकदमे दर्ज

ऋषिकेश, 27 जुलाई(दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऋषिकेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से स्कूटी और कार में परिवहन की जा रही कुल 772 पव्वे अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा जैसे मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित पुलिस टीमों ने 26/27 जुलाई की रात थाना क्षेत्र के जंगलात बैरियर ऋषिकेश तथा साई मंदिर, आईडीपीएल ऋषिकेश क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

स्कूटी से 52 पव्वे अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान पुलिस ने अनुज रावत (35 वर्ष) निवासी छिद्दरवाला, थाना रायवाला (हाल निवासी होटल स्वामी ग्रीन चिली, श्यामपुर, ऋषिकेश) को स्कूटी संख्या UK07BG-3229 पर 52 पव्वे इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की ले जाते हुए गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब रायवाला स्थित शराब के ठेके से लेकर आया था। पुलिस ने शराब के साथ स्कूटी भी कब्जे में ले ली। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-330/2026 धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

कार से 720 पव्वे देशी शराब बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कार संख्या UK07BD-4238 से 16 पेटियों में रखे 720 ट्रेटा पैक माल्टा देशी शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने संजय कुमार (35 वर्ष) निवासी रानीपुर, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा सपना (45 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे भगवानपुर (हरिद्वार) स्थित देशी शराब के ठेके से शराब लेकर आए थे। दोनों के विरुद्ध मु0अ0सं0-332/2026 धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

बरामदगी

  • स्कूटी से 52 पव्वे इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब
  • कार से 720 ट्रेटा पैक (माल्टा) देशी शराब
  • स्कूटी संख्या UK07BG-3229
  • कार संख्या UK07BD-4238

गिरफ्तार आरोपी

  • अनुज रावत, निवासी छिद्दरवाला (हाल निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश)
  • संजय कुमार, निवासी रानीपुर, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर (उ.प्र.)
  • सपना, निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, ऋषिकेश

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई को सफल बनाने में शैलेन्द्र ममगई, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल कुंदन चंद्र, सोहन सिंह, हिमांशु कुमार, सुन्दर सिंह, बिजेन्द्र पुंडीर तथा महिला कांस्टेबल मोनिया चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशा तस्करों पर जारी रहेगा अभियान

ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

Related Articles

Back to top button