उत्तराखंडऋषिकेशकावड़ मेला

कांवड़ मेला-2026: एडीजी कानून व्यवस्था ने पुलिस बल को किया ब्रीफ, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात पर रहेगा विशेष फोकस

30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले को लेकर देहरादून, टिहरी और पौड़ी पुलिस को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश

 

देहरादून, 27 जुलाई(दिलीप शर्मा): आगामी कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को ऋषिकेश में उच्चस्तरीय पुलिस ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड ने मेले की ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था तथा आपसी समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर

अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कांवड़ मेला केवल कानून व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने ड्यूटी प्वाइंट की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशीलता और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी प्राप्त कर पूर्ण निष्ठा एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान उनका व्यवहार संयमित, विनम्र और सहयोगात्मक होना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जरूरतमंद यात्रियों का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था रहेगी पूरी तरह व्यवस्थित

कांवड़ मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के आगमन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूर्व निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।

नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की स्थिति में पहले से तैयार किए गए डायवर्जन प्लान को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए।

अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों का होगा सत्यापन

मेले के दौरान मार्गों पर लगने वाली अस्थायी दुकानों तथा बाहर से व्यापार करने आने वाले व्यक्तियों का विधिवत सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बरसात और आपदा जैसी परिस्थितियों के लिए भी रहें तैयार

चूंकि कांवड़ मेला वर्षा ऋतु के दौरान आयोजित हो रहा है, इसलिए सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के समय अपने साथ छाता या बरसाती रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनावश्यक विवादों से बचते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने पर बल दिया गया।

सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

तीनों जनपदों के बीच रहेगा बेहतर समन्वय

ब्रीफिंग के दौरान कहा गया कि देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपद की पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करेगी ताकि भीड़ और यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीनस्थ पुलिस बल को ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर विस्तार से ब्रीफ करें तथा किसी भी विवाद या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें, जिससे मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सके।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उत्तराखंड आने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

Related Articles

Back to top button