
ऋषिकेश, 28 जुलाई(दिलीप शर्मा): भारतीय जनता पार्टी जिला ऋषिकेश द्वारा ‘समस्त संकल्प अभियान’ के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती की पूर्व संध्या पर एक विचार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संत रविदास जी के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और उनके आदर्शों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास का प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” केवल एक कथन नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से जीने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि मनुष्य की आंतरिक शुद्धता और सकारात्मक भावना ही उसके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी शक्ति होती है। जैसी व्यक्ति की भावना होती है, वैसे ही उसे ईश्वर का अनुभव होता है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनों से आह्वान किया कि वे संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता, सद्भाव और एकता को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने संत रविदास के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में दीपक धमीजा ने संत रविदास के जीवन, संघर्ष, आध्यात्मिक चिंतन और समाज सुधार के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संत रविदास ने जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाते हुए समानता और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का समापन जिला संयोजक देवदत्त शर्मा ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष आनंद सिंह, जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, जिला महामंत्री प्रतीक कालिया, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राजू शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता नयाल, युवा मोर्चा जिला मंत्री पंकज थपलियाल, प्रदेश मंत्री कविता शाह, पार्षद मुस्कान, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।










