कांवड़ मेला-2026: हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर बड़ा हादसा टला, SDRF ने गंगा में डूब रहे दो कांवड़ियों को बचाया
तेज धारा में फंसे श्रद्धालुओं का त्वरित रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों सुरक्षित

हरिद्वार, 29 जुलाई(दिलीप शर्मा): कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर बुधवार को बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब गंगा नदी की तेज धारा में अलग-अलग समय पर दो कांवड़िये डूबने लगे। घाट पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान कांगड़ा घाट पर दो अलग-अलग घटनाओं में कांवड़ियों के गंगा में डूबने की सूचना SDRF टीम को मिली। सूचना मिलते ही टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित जवानों ने तेज बहाव के बीच साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए दोनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू किए गए पहले कांवड़िये की पहचान मनीष (23 वर्ष), पुत्र ठाकुर, निवासी ग्राम सूरजकुंड, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। वहीं दूसरे कांवड़िये की पहचान योगेश (19 वर्ष), पुत्र सज्जन, निवासी जनपद जींद (हरियाणा) के रूप में हुई।

दोनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। समय रहते SDRF की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों कांवड़ियों की जान बच गई और किसी भी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया।
सफल रेस्क्यू के बाद दोनों कांवड़ियों एवं उनके साथियों ने SDRF टीम का आभार व्यक्त करते हुए जवानों की तत्परता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
रेस्क्यू अभियान में शामिल SDRF टीम
- अपर उप निरीक्षक आशिक अली
- अपर उप निरीक्षक परविंदर धस्माना
- आरक्षी नितेश कुमार
- आरक्षी सुरेन्द्र
- तकनीशियन अंकित पाल
SDRF उत्तराखण्ड ने बताया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत सभी संवेदनशील घाटों और जल क्षेत्रों में SDRF की टीमें लगातार तैनात हैं तथा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं दे रही हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।










