उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में नशे के खिलाफ महिलाओं की बड़ी पहल, मीरा नगर में गठित हुआ महिला मंगल दल

राज्य महिला आयोग और ऋषिकेश पुलिस की संयुक्त पहल, अवैध शराब व सूखे नशे के खिलाफ पुलिस की सहयोगी बनेगी महिलाओं की टीम

ऋषिकेश, 29 जुलाई(दिलीप शर्मा): नशा मुक्त समाज के निर्माण और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऋषिकेश पुलिस एवं उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आईडीपीएल क्षेत्र के मीरा नगर (20 बीघा) में महिला मंगल दल का गठन किया है। यह दल क्षेत्र में अवैध शराब, सूखे नशे और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करेगा तथा जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा।

कोतवाली ऋषिकेश के अंतर्गत आईडीपीएल चौकी परिसर में आयोजित बैठक में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती सुंदरी कंडवाल, सदस्य श्रीमती माया घाले एवं श्रीमती बीना, चौकी प्रभारी आईडीपीएल तथा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान क्षेत्र में बढ़ते शराब और सूखे नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को नशे के खिलाफ जागरूक रहते हुए पुलिस के साथ सक्रिय सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसी अवसर पर मीरा नगर (आईडीपीएल 20 बीघा) महिला मंगल दल का औपचारिक गठन किया गया, जिसमें श्रीमती शशि राणा को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवगठित महिला मंगल दल क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेगा। दल की सदस्याएं अवैध शराब, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएंगी, जिससे अपराधियों के विरुद्ध समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही दल नशा मुक्ति से जुड़े जनजागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक महिला अपने परिवार और मोहल्ले में जागरूकता फैलाने के साथ पुलिस का सहयोग करे, तो नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने महिला मंगल दल की सभी सदस्याओं से समाज हित में सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।

वहीं, प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश ने महिला मंगल दल की सदस्याओं को पुलिस मित्र के रूप में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जहां कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, सूखे नशे का कारोबार अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए ताकि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

बैठक के समापन पर उपस्थित सभी महिलाओं ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए उत्तराखण्ड पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज में नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पुलिस और राज्य महिला आयोग की इस संयुक्त पहल को क्षेत्र में नशे के विरुद्ध जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button