उत्तराखंडकांवड़ यात्राटिहरी गढ़वाल

कांवड़ यात्रा मार्ग पर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, लंगरों और भंडारों की गुणवत्ता पर रखी जा रही पैनी नजर

20 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 30 जुलाई(दिलीप शर्मा): कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशानुसार गंगोत्री कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित लंगरों एवं भंडारों का खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नियमित रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है।

 

निरीक्षण अभियान के तहत विभागीय टीम ने जनपद टिहरी गढ़वाल के बागबाट, गाजणा, आमसेरा, नागणी, फकोट सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित कांवड़ सेवा लंगरों एवं भंडारों का निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का गहनता से परीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान सभी भंडारा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को केवल स्वच्छ, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन ही उपलब्ध कराया जाए। साथ ही एक्सपायरी (कालातीत) खाद्य पदार्थों का किसी भी परिस्थिति में उपयोग न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने मिठाई, सब्जी, आटा, दाल, चावल सहित विभिन्न खाद्य सामग्रियों के लगभग 20 नमूने एकत्रित किए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं मानकों के अनुरूप होने की पुष्टि की जा सके।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) प्रमोद रावत ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी लंगर, भंडारे या खाद्य प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) प्रमोद रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान तथा सहायक श्रीचंद कुमाई सहित विभागीय टीम मौजूद रही। विभाग ने सभी भंडारा संचालकों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button