उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

डीएम नितिका खण्डेलवाल ने गंगा संरक्षण से जुड़े कार्यों में समन्वय और समयबद्ध प्रगति पर दिया जोर

जिला गंगा समिति की बैठक: टिहरी में सीवरेज परियोजनाओं की समीक्षा, 300 केएलडी एसटीपी का निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश

नई टिहरी, 30 जुलाई(दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित और निर्माणाधीन सीवरेज परियोजनाओं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा गंगा संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

8 एमएलडी एसटीपी में शुरू हुआ सीवर जल का उपचार

बैठक में अधीक्षण अभियंता वी. के. सिंह ने जनपद में चल रही परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। वहीं निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा) के सहायक अभियंता धर्मेंद्र प्रसाद कुकरेती ने बताया कि ऋषिकेश-ढालवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन 8 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में इस प्लांट में सीवर जल का उपचार भी शुरू कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

300 केएलडी एसटीपी निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश

बैठक के दौरान 300 केएलडी एसटीपी प्लांट के निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर और परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा) को आपसी समन्वय के साथ बैठक आयोजित कर सभी समस्याओं का समाधान निकालने तथा निर्माण कार्य को शीघ्र दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए।

नगर पालिकाओं से मांगी सीवर कनेक्शन और सेप्टेज प्रबंधन की रिपोर्ट

जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिकाओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सीवर लाइन से जुड़े भवनों और घरों की सूची तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करें। इसके साथ ही सेप्टेज मैनेजमेंट के लिए पंजीकृत वाहनों और अधिकृत वेंडरों की सूची भी उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

20 से अधिक कमरों वाले होटलों में एसटीपी/ईटीपी की होगी जांच

गंगा संरक्षण के मद्देनजर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में 20 या उससे अधिक कमरों वाले सभी होटलों में एसटीपी अथवा ईटीपी प्लांट स्थापित हैं या नहीं, इसकी जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। समिति निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

तपोवन का 3.5 एमएलडी एसटीपी एनजीटी मानकों पर खरा

बैठक में अधिशासी अभियंता अजय कुमाऊ ने जानकारी दी कि तपोवन स्थित 3.5 एमएलडी क्षमता वाला एसटीपी प्लांट वर्तमान में सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के मानकों के अनुरूप पाई गई है। साथ ही गंगा पल्स पोर्टल पर उपलब्ध इनलेट और आउटलेट का डेटा भी निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप दर्ज किया गया है।

गंगा संरक्षण के कार्यों में बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक के अंत में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी संबंधित विभागों को गंगा संरक्षण, स्वच्छता एवं सीवरेज परियोजनाओं से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि गंगा की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।

बैठक में जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी प्रशांत भारद्वाज, गंगा समिति के सदस्य अरुण उनियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button