उत्तराखंडऋषिकेशकांवड़ यात्रा

गंगा का जलस्तर बढ़ने पर अलर्ट: एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल हाई अलर्ट पर

प्रमुख घाटों पर बढ़ाई गई निगरानी, श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील

ऋषिकेश, 6 अगस्त(दिलीप शर्मा): गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को और मजबूत कर दिया है। एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की सभी टीमें हाई अलर्ट पर हैं और गंगा तट के प्रमुख घाटों पर तैनात कर दी गई हैं। टीमें नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

लाउडहेलर से किया जा रहा जागरूक, तेज धारा से दूर रहने की सलाह

तैनात राहत एवं बचाव दलों द्वारा लाउडहेलर के माध्यम से श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और कांवड़ यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी परिस्थिति में गंगा की तेज धारा की ओर न जाएं और केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित एवं पक्के घाटों पर ही स्नान करें। अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते जलस्तर के कारण नदी की धारा अत्यधिक तेज हो सकती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी किया जा रहा सतर्क

एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की टीमें गंगा किनारे बसे स्थानीय निवासियों को भी समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। उन्हें बढ़ते जलस्तर की स्थिति में पूरी सतर्कता बरतने तथा जलस्तर में और वृद्धि होने पर बिना देरी किए सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें पूरी तरह तैयार

जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार हैं।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्ण पालन करें, अफवाहों से बचें तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

Related Articles

Back to top button