उत्तराखंडऋषिकेश

मंडी में दुकानों के आवंटन में अनियमितता का आरोप, आढ़तियों ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन

पारदर्शिता के अभाव और कर्मचारी की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए सवाल, विधायक ने कार्रवाई का दिया भरोसा

ऋषिकेश, 8 अगस्त(दिलीप शर्मा): कृषि मंडी समिति ऋषिकेश में दुकानों के आवंटन में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता के अभाव का मामला सामने आया है। इस संबंध में मंडी के आढ़तियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की। कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे आढ़तियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता नहीं होने का आरोप

आढ़तियों ने विधायक को बताया कि कृषि मंडी समिति में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा है। उनका आरोप है कि दुकानों का आवंटन कथित तौर पर नियमों के अनुरूप नहीं किया गया, जिसके चलते वास्तविक पात्र लोगों के साथ अन्याय की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पात्र लोगों के हितों की रक्षा किए जाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मंडी समिति में पिछले करीब 13 वर्षों से कार्यरत एक कर्मचारी की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई। आढ़तियों का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों का समुचित रूप से निर्वहन नहीं किया जा रहा है, जिससे मंडी से जुड़े लोगों को विभिन्न स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने गंभीरता से सुनी समस्याएं

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आढ़तियों की समस्याओं और उनके द्वारा सौंपे गए ज्ञापन को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी।

विधायक ने कहा कि मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि शिकायतों की जांच में कोई तथ्य सामने आता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बड़ी संख्या में आढ़ती रहे मौजूद

इस दौरान विनोद जायसवाल, ऋषि जायसवाल, मयंक गुप्ता, राहुल जायसवाल, अखिलेश मौर्या, नवीन शर्मा, सुभाष गुप्ता, धर्मजीत अग्रवाल, प्रेम गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, मनदीप गुप्ता, मनदीप सिंह, चंदू चौरसिया, संदीप खुराना, खैराती लाल, हर्षित सहित बड़ी संख्या में आढ़ती मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button