अमर शहीद प्रदीप रावत का बलिदान सदैव राष्ट्र की युवा पीढ़ी को करता रहेगा प्रेरित
श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह में विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दी पुष्पांजलि, देशभक्ति गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

ऋषिकेश, 12 अगस्त(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कालेज स्थित परशुराम हॉल में अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत स्मृति मंच की ओर से वीर शहीद प्रदीप सिंह रावत की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद प्रदीप रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
अंतरविद्यालय देशभक्ति गायन प्रतियोगिता ने बांधा समां
श्रद्धांजलि समारोह के अवसर पर स्मृति मंच द्वारा अंतरविद्यालय देशभक्ति गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शहीद के बच्चों की प्रस्तुति ने किया भावविभोर
कार्यक्रम का भावुक क्षण उस समय आया, जब अमर शहीद प्रदीप रावत के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बच्चों को फूलमाला पहनाकर उनका सम्मान किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
‘शहीदों का त्याग कभी भुलाया नहीं जा सकता’ : डॉ. अग्रवाल
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीद प्रदीप रावत जैसे अमर सपूत सदैव देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। शहीदों का त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल एक भावना नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के बलिदान से परिचित कराने के साथ ही उनमें राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।
अपर गंगानगर का नाम शहीद प्रदीप रावत के नाम पर रखने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए अपर गंगानगर का नाम अमर शहीद प्रदीप रावत के नाम पर रखने की बात कही। घोषणा का उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि शहीद के नाम पर क्षेत्र का नामकरण उनके बलिदान को सदैव जीवंत रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को भी शहीद प्रदीप रावत के त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी।
पूर्व सैनिकों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शहीद प्रदीप रावत के पिता कुंवर सिंह रावत, पत्नी श्रीमती नीलम रावत, कर्नल बलबीर सिंह कपसुड़ी, श्री भरत मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, पार्षद एवं पूर्व सैनिक वीरेंद्र रमोला, पूर्व सैनिक गजेंद्र राणा, संजय ध्यानी, वीर सिंह रावत, रंजन अंथवाल, बृजमोहन मनोरी, मनोज थापा, गुणानंद भट्ट, डॉ. सुनील थपलियाल, बृजपाल राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
समारोह में उपस्थित लोगों ने अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत के राष्ट्र के प्रति समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।







