जनता मिलन में सुनी गईं 58 शिकायतें, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी सख्त, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी




टिहरी, 17 अगस्त(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की 58 शिकायतें एवं मांगपत्र सुने गए। अधिकांश शिकायतें पुनर्वास, प्रतिकर वितरण, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, लोक निर्माण विभाग, पेयजल तथा राजस्व से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे गए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। भू-अभिलेख एवं राजस्व विभाग से संबंधित अधिक शिकायतें सामने आने पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर इन प्रकरणों के समाधान तथा प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी विद्यालयों में सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि किसी भी विद्यालय में पेयजल को लेकर शिकायत नहीं आनी चाहिए। यदि किसी विद्यालय से पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण अथवा संबद्धीकरण की स्थिति में तत्काल प्रतिस्थानी शिक्षक की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।
पर्यटन रोड की कटिंग से आवास को खतरे की शिकायत
जनता मिलन में ग्राम हरगी निवासी योगेंद्र दत्त डोभाल ने निर्माणाधीन पर्यटन रोड की कटिंग के कारण अपने आवास पर खतरा मंडराने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी को लोनिवि चंबा के संबंधित अधिकारियों के साथ एक सप्ताह के भीतर संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गंदे पानी की शिकायत पर जल संस्थान को कार्रवाई के निर्देश
जिला पंचायत सदस्य बागी दर्शनी रावत ने सरज्युला पंपिंग योजना से पिछले एक माह से अत्यधिक गंदा पानी सप्लाई किए जाने की शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण से संबंधित समस्या पर एसडीएम को निर्देश
अखिल भारतीय किसान सभा तथा ग्राम पंचायत तिमली सागा, दुबलियाण, नरेंद्रनगर के पदाधिकारियों ने लोक निर्माण खंड नरेंद्रनगर के अंतर्गत निर्माणाधीन गूलर-सालब मोटर मार्ग पर दुबलियाण बस्ती के समीप सड़क निर्माण से जुड़ी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर प्रकरण का समाधान कराने के निर्देश दिए।
पटुड़ी में क्षतिग्रस्त रास्ते और सुरक्षा दीवार का होगा निरीक्षण
ग्राम प्रधान पटुड़ी विजय लाल शाह ने तहसील प्रतापनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटुड़ी के मुख्य रास्ते और सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। उन्होंने इन कार्यों को आपदा के अंतर्गत कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी जाखणीधार को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार आपदा के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
टेंडर निरस्तीकरण की शिकायत की जांच के निर्देश
ठेकेदार संगठन जौनपुर से आए प्रतिनिधियों ने विभागों द्वारा निविदा जारी किए जाने के बाद उन्हें निरस्त किए जाने के मामलों की शिकायत की। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी को मामले की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लखवाड़ बांध प्रतिकर भुगतान में अनियमितता की शिकायत
जौनपुर क्षेत्र से आए लोगों ने लखवाड़ बांध परियोजना के प्रतिकर भुगतान से संबंधित अभिलेखों में कथित कूटरचित एवं फर्जी हस्ताक्षर किए जाने तथा बिना भुगतान की गई प्रतिकर राशि का भुगतान दर्शाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम टटोर, तहसील नैनबाग से आए लोगों ने बताया कि वे लखवाड़ बांध प्रभावित हैं, लेकिन प्रशासनिक त्रुटि के कारण उनके खाता-खतौनी, खसरा एवं नाम राजकीय गजट में दर्ज होने से छूट गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुरानी शिकायतों की भी हो रही समीक्षा
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम के माध्यम से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई है, जिनमें अधिकांश का निस्तारण हो चुका है। शेष शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
ये अधिकारी रहे मौजूद
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजवेंद्र सिंह, एसएलएओ नीलू चावला, जिला कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






