शिवपुरी में हेवल नदी के तेज बहाव में बहा युवक, SDRF का सर्च अभियान जारी
हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी साथियों के साथ नदी में नहाने गया था, अचानक बिगड़ा संतुलन

मुनिकीरेती/टिहरी 9 सितंबर(दिलीप शर्मा):मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में बुधवार को ह्यूल नदी में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और नदी में लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक सर्च अभियान जारी रहा।
साथियों के साथ नदी में नहाने गया था कर्मचारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत हरीश उनियाल (34) पुत्र परमानंद उनियाल, निवासी चौदह बीघा ऋषिकेश, मूल निवासी चाका गजा, थाना नरेंद्रनगर, अपने साथी बलजीत सिंह रेखी (40) पुत्र नरेंद्र सिंह नेगी, निवासी आलमबाग, लखनऊ के साथ अवकाश के दौरान शिवपुरी में चौकी के नीचे नदी में नहाने गया था।
बताया गया कि स्नान के दौरान हरीश उनियाल अचानक अपना संतुलन खो बैठे और ह्यूल नदी की तेज धारा में बह गए। साथी बलजीत सिंह रेखी ने तत्काल घटना की सूचना संबंधित पुलिस एवं राहत दल को दी।
SDRF ने संभाला मोर्चा, लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जल पुलिस और स्थानीय पुलिस भी मौके पर
लापता युवक की तलाश में SDRF के साथ आपदा राहत दल, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद हैं। सभी टीमें संयुक्त रूप से नदी के तेज बहाव और संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही हैं। लापता युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। SDRF की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।





