राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण को लेकर समिति की बैठक, 28 आवेदनों पर हुआ मंथन
राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण को लेकर समिति की बैठक, 28 आवेदनों पर हुआ मंथन




नई टिहरी,9 सितंबर(दिलीप शर्मा): राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिन्हीकरण के लिए प्राप्त कुल 28 आवेदन पत्रों पर समिति ने विस्तृत विचार-विमर्श एवं अभिलेखों का परीक्षण किया।
दो आवेदकों के चिन्हीकरण पर समिति की सर्वसम्मति
समिति द्वारा उपलब्ध अभिलेखों एवं निर्धारित मानकों के आधार पर परीक्षण किए जाने के बाद दो आवेदन पत्रों को सर्वसम्मति से राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिन्हीकरण हेतु चयनित किया गया। चयनित आवेदकों में ओम प्रकाश भट्ट, निवासी विधि विहार, नई टिहरी तथा स्वर्गीय तोता सिंह, ग्राम कुमाली, पट्टी कुजणी, टिहरी गढ़वाल शामिल हैं।
18 आवेदन आगामी बैठक में होंगे पुनर्विचार के लिए प्रस्तुत
बैठक में 18 आवेदन पत्रों के संबंध में आवश्यक अभिलेख एवं जानकारी पूर्ण नहीं होने अथवा अतिरिक्त परीक्षण की आवश्यकता को देखते हुए इन्हें आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए रखने का निर्णय लिया गया। समिति द्वारा लंबित प्रकरणों में उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पात्रता का पुनः परीक्षण किया जाएगा।
इन प्रकरणों में सुंदरमणि, ग्राम बडोन, तहसील कीर्तिनगर, विक्रम सिंह बिष्ट, नई टिहरी तथा विद्या नेगी, बौराड़ी, नई टिहरी सहित अन्य आवेदन शामिल हैं।
पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरे आठ आवेदन
समिति ने शासनादेश में निर्धारित पात्रता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए आठ आवेदन पत्रों को निरस्त करने का निर्णय लिया। इनमें जगत सिंह, जौनपुर, तहसील धनौल्टी; वीरेंद्र सिंह, जौनपुर, तहसील धनौल्टी तथा उस्मान, नई टिहरी आदि के आवेदन शामिल हैं।
अधिकारियों एवं समिति सदस्यों की रही मौजूदगी
बैठक में आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसीएमओ डॉ. अमलेश कुमार, सब इंस्पेक्टर शांता सजवाण सहित समिति सदस्य लोरेंद्र दत्त जोशी, मुरारी लाल, देवी सिंह पवार, पुरुषोत्तम सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





