उत्तराखंडचिकित्साटिहरी गढ़वाल

दुआधार में लगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 300 से 400 मरीजों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

नव मधुबन आश्रम एवं चंडीगढ़ हॉस्पिटल खन्ना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन, मरीजों को जांच के साथ वितरित की गईं निःशुल्क दवाइयां

दुआधार/टिहरी (दिलीप शर्मा): नव मधुबन आश्रम एवं चंडीगढ़ हॉस्पिटल खन्ना, पंजाब के सौजन्य से दुआधार क्षेत्र में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। करीब 300 से 400 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर का आयोजन चिकित्सक डॉ. मुदित कुमार के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। डॉ. मुदित कुमार पिछले कई वर्षों से अपने जन्मदिन को सेवा कार्य के रूप में मनाते हुए मधुबन आश्रम के सहयोग से प्रतिवर्ष पहाड़ के किसी एक क्षेत्र में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करते हैं। इसी सेवा भावना के तहत इस वर्ष दुआधार में शिविर लगाया गया।

शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर का स्थानीय लोगों ने लाभ उठाते हुए आयोजन के लिए आयोजकों का आभार जताया।

30 वर्षों से सेवा कार्यों में जुटा है नव मधुबन आश्रम

नव मधुबन आश्रम की ओर से पिछले करीब 30 वर्षों से पहाड़ी क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, दवाइयां तथा स्कूली बच्चों की आवश्यकताओं से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। आश्रम की ओर से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है।

आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास जी महाराज ने कहा कि श्रीश्री राधा गोविंद की कृपा से सेवा कार्यों का यह क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जरूरतमंदों की सेवा और उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना आश्रम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर डॉ. मुदित कुमार, डॉ. मोनिका, आश्रम अध्यक्ष श्री परमानंद दास जी महाराज, किरण जंद, गीता जंद सहित आश्रम एवं चिकित्सा शिविर से जुड़े स्टाफ मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button