Blog

अयोध्या में गूंजा ऋषिकेश का नाम, रक्तमित्र रोहित बिजल्वाण को मिला राष्ट्रीय सम्मान

अयोध्या/ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय ऋषिकेश के रक्तमित्र रोहित बिजल्वाण को अयोध्या में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त एवं प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

वर्षों से रक्तदान सेवा के लिए समर्पित हैं रोहित

रोहित बिजल्वाण लंबे समय से रक्तदान सेवा से जुड़े हुए हैं। वह स्वयं नियमित रूप से रक्तदान करने के साथ ही अन्य लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त एवं प्लेटलेट्स की व्यवस्था कराने में उनकी टीम लगातार सक्रिय रहती है। उनका प्रयास रहता है कि रक्त की कमी के कारण किसी मरीज अथवा उसके परिजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

राष्ट्रीय मंच पर सम्मान से ऋषिकेश में खुशी

अयोध्या की पावन धरती पर रोहित बिजल्वाण को राष्ट्रीय सम्मान मिलने से ऋषिकेश के रक्तदाताओं, समाजसेवियों और स्वयंसेवकों में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि को उन्होंने अपने सभी रक्तदाताओं, समाजसेवियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों को समर्पित किया।

रोहित बिजल्वाण ने कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं का सम्मान है, जो जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए निस्वार्थ भाव से रक्तदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ रहने पर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और इस जीवनदायी मुहिम से जुड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरत के समय मरीजों तक रक्त पहुंचाना ही इस सेवा का मूल उद्देश्य है।

Related Articles

Back to top button