भारत दर्शन से विद्यार्थियों को देश की विविधता और विकास को करीब से समझने का अवसर: सीएम धामी
देवप्रयाग विधानसभा के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं व शिक्षक 16 सितंबर को होंगे भारत भ्रमण पर रवाना, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं




नई टिहरी, 13 सितंबर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान को कक्षा की सीमाओं से बाहर ले जाकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक होते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह बात कीर्तिनगर विकासखंड स्थित स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के बाद देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भारत भ्रमण पर जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के दल से संवाद के दौरान कही। इस अवसर पर विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

विद्यार्थियों से लिया यात्रा की तैयारियों का फीडबैक
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी यात्रा और तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें भारत भ्रमण के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि भ्रमण के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझें और वहां की उपलब्धियों से सीख लेकर अपने अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करें।
उन्होंने कहा कि देश के बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें तथा गुरुजनों और माता-पिता के प्रति सदैव सम्मान और श्रद्धा का भाव बनाए रखें।

‘विकल्प रहित संकल्प’ से हासिल की जा सकती है सफलता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन लोगों ने इतिहास बनाया है, उन्होंने सामान्य से असामान्य बनने के लिए ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ निरंतर प्रयास किया। यदि संकल्प दृढ़ हो और प्रयास सच्चे मन से किया जाए तो कोई भी ताकत सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है और उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतत विकास के क्षेत्र में उत्तराखंड पहाड़ी राज्यों में देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए हैं, जिनसे अन्य राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां गंगा देश के विभिन्न क्षेत्रों को लाभान्वित करती हैं, उसी प्रकार उत्तराखंड में लागू यूसीसी भी देश के लिए उपयोगी उदाहरण बन रहा है।

भारत दर्शन पहल के 10 वर्ष पूरे होना बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस प्रकार के कार्यक्रम का संचालन किया जाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष करीब 1000 विद्यार्थियों को भारत भ्रमण का अवसर मिल रहा है। आगामी समय में यह संख्या बढ़ाकर 2000 विद्यार्थियों तक किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘भारत दर्शन’ से विद्यार्थियों में बढ़ी प्रतिस्पर्धा : विनोद कंडारी
विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने कहा कि यह दिन उनके लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थी सीधे मुख्यमंत्री से संवाद कर रहे हैं, जो उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की अपेक्षाओं को कभी निराश नहीं किया और विकास से जुड़े प्रस्तावों को पूरा करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की शुरुआत में अनेक कठिनाइयां आईं, लेकिन आज इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। योजना से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई है और बच्चे बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए अधिक मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
68 मेधावी विद्यार्थी और शिक्षक 16 सितंबर को होंगे रवाना
भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक 16 सितंबर को भारत भ्रमण के लिए रवाना होंगे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को देश के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक स्थलों के साथ-साथ प्रमुख संस्थानों का अवलोकन करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। उत्कृष्ट लेखन के लिए कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन मिस्टी रावत ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, कुलपति प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खण्डेवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।





