ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का डीएम ने लिया जायजा
सीसीटीवी कैमरे और मशीनों के रख-रखाव की जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष




नई टिहरी, 3 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): मुख्य निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की। सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।

मासिक निरीक्षण के दौरान मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को वेयरहाउस में की गई व्यवस्थाओं और संबंधित कार्यवाही से अवगत कराया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी की ओर से जयेंद्र पंवार, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से महासचिव गब्बर सिंह एवं नवीन सेमवाल सहित निर्वाचन विभाग से जवाहर सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।





