



ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने देश को नई दिशा और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों महान विभूतियों का जीवन त्याग, सादगी, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपना संपूर्ण जीवन देशहित के लिए समर्पित किया और उनके आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

एनसीसी कैडेट्स ने दिया स्वच्छता का संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। कैडेट्स ने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वच्छ वातावरण के महत्व का संदेश भी दिया गया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ शरीर का निर्माण होता है और स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। स्वस्थ एवं सकारात्मक विचार ही राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पोस्टर प्रतियोगिता में दिखी गांधी-शास्त्री के जीवन की झलक
कार्यक्रम के तहत कला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रसंगों पर आधारित आकर्षक पोस्टर बनाए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से दोनों महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रवक्ता शिव प्रसाद बहुगुणा, जयकृत सिंह रावत, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, जितेंद्र बिष्ट, नीलम जोशी, सुशीला, एनएसएस अधिकारी संजीव चौधरी, रंजन अंथवाल, एनसीसी अधिकारी विकास नेगी, रंजना, शकुंतला आर्य सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





