ऋषिकेश में 15.61 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मुकदमा, नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान जारी




ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15.61 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने क्षेत्र में अलग-अलग टीमें गठित कर चेकिंग अभियान तेज किया है। पुलिस टीमें अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
दोनों आरोपियों से बरामद हुई स्मैक
अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्मैक बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृत पुत्र गौरखनाथ, निवासी सपेरा बस्ती, काले की ढाल, ऋषिकेश तथा गौरव कुमार पुत्र ढोला, निवासी ग्राम कुंवरपुर उर्फ चतरभोज, थाना मंडावर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमृत के कब्जे से 8.37 ग्राम और आरोपी गौरव कुमार के कब्जे से 7.24 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 15.61 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 556/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, कांस्टेबल कुलदीप (नंबर 1095) और कांस्टेबल शिवओम (नंबर 1190) शामिल रहे।
ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।





