उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनिरीक्षण

आयुष आरोग्य मंदिर की बदहाल व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, अनुपस्थित एएनएम पर कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण में मिलीं कई खामियां, एमओआईसी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश

  • उपकरणों की स्थिति का स्पष्ट ब्योरा नहीं मिलने पर जताई नाराजगी, साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव में सुधार के निर्देश

ढालवाला/टिहरी(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुष आरोग्य मंदिर ढालवाला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान परिसर में झाड़ियां उगी होने और साफ-सफाई व रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने लंबे समय से अनुपस्थित चल रही एएनएम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा उपकेंद्र की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने टीकाकरण से संबंधित रिकॉर्ड, उपलब्ध उपकरणों की स्थिति, कोल्ड चेन तापमान पंजिका, साफ-सफाई और जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्थाओं की भी जांच की। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों के रखरखाव और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई।

उपकरणों का स्पष्ट ब्योरा नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डीप फ्रीजर की कुल संख्या तथा संचालित और खराब उपकरणों की स्थिति की जानकारी मांगी। हालांकि, निरीक्षण के दौरान डीप फ्रीजर की संख्या और उनकी कार्यशील स्थिति का स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं हो पाया। इस पर उन्होंने उपकरणों और अन्य संसाधनों से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा सभी उपलब्ध संसाधनों की अद्यतन जानकारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने, कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और अभिलेखों का उचित रखरखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध उपकरणों को व्यवस्थित रखने और स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button