कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी का धमाल, पंजाबी गीतों पर देर रात तक थिरके दर्शक
सुनंदा शर्मा की जगह मंच पर उतरे दलेर मेहंदी, अपनी शानदार प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या में जमाया रंग




नरेंद्रनगर/टिहरी (दिलीप शर्मा): सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शक जमकर झूमे। युवाओं सहित बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने देर रात तक गीत-संगीत का आनंद लिया।

सांस्कृतिक संध्या के दौरान दलेर मेहंदी के गीतों ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर डीजे की धुनों पर भी दर्शकों ने जमकर नृत्य किया।

मेला समिति के अनुसार, सांस्कृतिक संध्या में पहले प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित थी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उनका कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। इसके बाद दलेर मेहंदी की प्रस्तुति निर्धारित की गई।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित मेला समिति के पदाधिकारी, आयोजक, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।





