उत्तराखंडटिहरी गढ़वालस्वच्छता

रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षुओं ने गंगा तट पर चलाया स्वच्छता अभियान

कचरा और प्लास्टिक एकत्र कर दिया गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश, प्रकृति एवं नदियों का संरक्षण हर एडवेंचर प्रोफेशनल का पहला कर्तव्य : कर्नल ईश्वर सिंह थापा

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय पर्वतारोहण संस्थान (IISM), पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से टिहरी गढ़वाल में संचालित रिवर राफ्टिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने गंगा तट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने नदी किनारे फैले कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को एकत्र कर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

अभियान में कोर्स के सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए गंगा तट की सफाई की। इसके माध्यम से उन्होंने आमजन से गंगा नदी को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की। प्रतिभागियों ने कहा कि नदियों की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

प्रकृति और नदियों का संरक्षण हर एडवेंचर प्रोफेशनल का कर्तव्य

इस अवसर पर भारतीय पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम, वीएसएम, एमआईडी ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि एक एडवेंचर प्रोफेशनल का पहला कर्तव्य प्रकृति और नदियों का संरक्षण करना है। गंगा केवल हमारी आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि जीवनदायिनी नदी भी है। इसकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने इस तरह के अभियानों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से लोगों में नदियों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

स्वच्छ गंगा के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर

स्वच्छता अभियान में संस्थान के प्रशिक्षकों और रिवर राफ्टिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान के माध्यम से गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने, प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button