डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री धामी से की सौजन्य भेंट, ईगास बग्वाल की दी शुभकामनाएं
राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर हुई विस्तृत चर्चा

देहरादून (दिलीप शर्मा) 01 नवंबर : ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने आज देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड के लोक पर्व ईगास बग्वाल की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ईगास बग्वाल उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा हुआ पर्व है, जो हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
भेंट वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी डॉ. अग्रवाल को ईगास बग्वाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण राज्य की पहचान को और सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले वर्षों में राज्य को आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश क्षेत्र के विकास से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया और क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।









