उत्तराखंडरेस्क्यूलक्ष्मण झूला

पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र में फंसी महिला का एसडीआरएफ ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

गरुड़ चट्टी से आगे नीलकंठ मार्ग पर हुआ हादसा, रोप रेस्क्यू तकनीक से महिला को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया

ऋषिकेश, 19 सितंबर(दिलीप शर्मा): थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के नीलकंठ मार्ग पर गरुड़ चट्टी से आगे पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के समीप फंसी 24 वर्षीय महिला को SDRF की ढालवाला टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। महिला को पहाड़ी से सुरक्षित ऊपर लाकर नीलकंठ मार्ग की सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत नीलकंठ मार्ग पर एक महिला के पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र में फंसे होने की सूचना SDRF ढालवाला को मिली। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर SDRF टीम ने पाया कि महिला पहाड़ी से काफी नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के समीप फंसी हुई थी और भयभीत अवस्था में थी। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल किया और सुरक्षित रूप से पहाड़ी से नीचे उतरकर महिला तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने महिला को ढांढस बंधाते हुए उसे मानसिक रूप से मजबूत किया। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ रोप रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से महिला को सुरक्षित तरीके से पहाड़ी के ऊपर लाया गया और नीलकंठ मार्ग की सड़क तक पहुंचाया गया। रेस्क्यू के बाद महिला को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू की गई महिला की पहचान विदिशा (24), निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है। SDRF टीम की तत्परता, साहस और कुशल रेस्क्यू तकनीक के चलते महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू अभियान में उपनिरीक्षक सुरेंद्र नेगी, अर्जुन, किशोर, रमेश भट्ट, मनमोहन, संदीप और दीपक शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button