उत्तराखंडऋषिकेशपुलिस बुलेटिन

एसएसपी देहरादून की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई

ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025’ मिशन के तहत एक और हिस्ट्रीशीटर PIT NDPS Act में निरुद्ध

ऋषिकेश/देहरादून, (दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025’ मिशन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर को PIT NDPS Act (स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988) के तहत निरुद्ध कर जिला कारागार भेज दिया है।

लगातार सक्रिय था नशा तस्करी के नेटवर्क में

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और अपने गुर्गों के माध्यम से नशे के कारोबार को लगातार बढ़ा रहा था। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी के निर्देश पर सभी थानों को सख्त आदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध PIT NDPS Act के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने तैयार की विस्तृत रिपोर्ट

निर्देशों के क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों को चिन्हित किया गया। जांच में हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना के वर्तमान में भी नशा तस्करी में संलिप्त होने के साक्ष्य सामने आए।
इसके बाद अभियुक्त के आपराधिक इतिहास सहित समस्त दस्तावेज संकलित कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई, जिसे एसएसपी देहरादून के माध्यम से सचिव, गृह, उत्तराखंड शासन को भेजा गया।

गृह विभाग के आदेश पर जिला कारागार भेजा गया

गृह विभाग से प्राप्त आदेश के अनुपालन में आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को ऋषिकेश पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर जिला कारागार सुद्धोवाला में निरुद्ध कराया। पूर्व में भी दून पुलिस द्वारा कई नशा तस्करों को PIT NDPS Act के तहत निरुद्ध किया जा चुका है।

अभियुक्त का विवरण

नाम: गुरुचरण उर्फ मुन्ना
पिता का नाम: स्व. सुभाष
निवास: गली नंबर-18, चन्द्रेश्वर नगर, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून
उम्र: लगभग 50 वर्ष

लगभग चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश, मुनिकीरेती एवं रायवाला थानों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय दंड संहिता/बीएनएस की विभिन्न धाराओं में चार दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।

अन्य बड़े नशा तस्कर भी पुलिस के निशाने पर

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सक्रिय अन्य बड़े नशा तस्कर भी पुलिस की निगरानी में हैं और उनके विरुद्ध भी शीघ्र कठोर कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करों का जेल जाना तय है

Related Articles

Back to top button