ऋषिकेश टिहरी बस अड्डे के शौचालय में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया
जच्चा और बच्चा दोनों हैं स्वस्थ, सरकारी अस्पताल में है भर्ती
ऋषिकेश, 08 जून : ऋषिकेश आई. एस. बी. टी. के पास टिहरी बस अड्डे के शौचालय में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। जच्चा और बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं और सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय गर्भवती महिला ज्योति अपने पति मनीष थापा के साथ कर्णप्रयाग से रविवार की सुबह 10:30 बजे ऋषिकेश पहुंची। ऋषिकेश में रोडवेज बस स्टैंड के बगल में टिहरी बस अड्डे पर ज्योति टॉयलेट के लिए गई। टॉयलेट के दौरान अचानक ज्योति को प्रसव पीड़ा हुई और टॉयलेट में ही ज्योति ने बच्चे को जन्म दे दिया। टॉयलेट से बच्चे की रोने की आवाज सुन स्थानीय लोग शौचालय की ओर भागे। वहां का नजारा देख सब हक्के-बक्के रह गए। इसी दौरान किसी ने घटना की जानकारी चार धाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में मौजूद डॉक्टरों की टीम को दी।
सूचना मिलते ही डॉक्टरों की टीम मौके पर आई और किसी तरह जच्चा बच्चा को सुरक्षित आपातकालीन 108 एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल पहुँचाया। पूछताछ में ज्योति ने बताया कि उसके पति मनीष थापा मजदूरी का काम करते हैं। वह फिलहाल अपने गांव नेपाल जाने के लिए ऋषिकेश पहुंचे थे। अचानक प्रसव पीड़ा हुई और टॉयलेट में ही बच्चे ने जन्म ले लिया। ट्रांसिट कैंप में तैनात डॉक्टर अमित बहुगुणा ने बताया कि जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।










