उत्तराखंड

अवैध शराब तस्करी पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच पेटी शराब बरामद

कार छोड़कर फरार हुआ तस्कर, विभाग अलर्ट मोड में

टिहरी / नरेंद्रनगर, 5 जुलाई 2025 – त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब तस्करी पर कड़ी नजर रखते हुए आबकारी विभाग नरेंद्रनगर की टीम ने शनिवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने मुखबिर की सूचना पर ढालवाला क्षेत्र से अवैध शराब से भरी कार बरामद की है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक समरवीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में शनिवार सुबह करीब 4 बजे 14 बीघा ढालवाला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की संदिग्ध कार संख्या UK08-एल-8586 को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक खतरा भांपते ही कार को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। टीम ने तुरंत पीछा किया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा।

जब टीम ने कार की तलाशी ली तो कार के भीतर 240 पव्वे इंपिरियल ब्लू व्हिस्की बरामद हुए। टीम ने कार और शराब दोनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

बरामद शराब की बाजार मे कीमत लगभग ₹44,928 आंकी गई है। आबकारी निरीक्षक समरवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त एवं जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह बिष्ट के निर्देशों के तहत की गई है। चुनावों को देखते हुए विभाग अलर्ट मोड में है और नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उक्त वाहन को आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 के अंतर्गत निरुद्ध किया गया है और शराब को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में शामिल टीम:

  • आबकारी निरीक्षक समरवीर सिंह बिष्ट

  • उप आबकारी निरीक्षक देव आनंद वेदवाल

  • आशीष नेगी

  • आनंद गुनसोला

  • श्रवण कुमार

आबकारी विभाग की इस सक्रियता से क्षेत्र में शराब तस्करों के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं और स्थानीय लोगों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button