
देहरादून, 06 जुलाई 2025 – डोईवाला क्षेत्र के कुड़कावाला स्थित सुसवा नदी के पास एक क्रेशर में 5 जुलाई की शाम एक दर्दनाक व रहस्यमयी घटना सामने आई, जहां एक नाबालिग कूड़ा बीनने वाली किशोरी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने इस मामले में त्वरित संज्ञान लिया।
अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने उसी शाम डोईवाला थाना प्रभारी (एसओ) से फोन पर वार्ता कर मामले को गंभीरता से लेने और सभी संदिग्धों को जांच के दायरे में लाने के निर्देश दिए।
आज 6 जुलाई को अध्यक्ष कण्डवाल स्वयं सुसवा नदी किनारे स्थित क्रेशर स्थल पर पहुँचीं और मौके की जानकारी ली। इसके बाद वह डोईवाला थाने पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलूनी से फोन पर बातचीत कर घटना की गंभीरता को रेखांकित किया और कठोर कार्रवाई की मांग की।
कुसुम कण्डवाल ने कहा कि किसी किशोरी को इस तरह बंधक बनाना अत्यंत गंभीर विषय है और यह भी जांच का विषय है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई गहरी साजिश तो नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में गहन जांच होनी चाहिए और सभी तथ्यों व सबूतों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि एक किशोरी द्वारा इतना दर्दनाक कदम उठाना समाज के लिए चिंताजनक है। उन्होंने मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट और घटना स्थल की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष व प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि आयोग स्वयं पुलिस अधिकारियों से जांच रिपोर्ट तलब करेगा और किसी भी किशोरी या युवती के साथ हुई जघन्य घटना या अपराध को बर्दास्त नहीं किया जायेगा।
इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी सविन बंसल से भी फोन पर बात कर मामले पर पैनी नजर रखने और जाँच को किसी भी प्रकार से प्रभावित न होने देने के निर्देश दिये।
घटना स्थल पर अध्यक्ष के साथ समाजसेवी राजेंद्र तड़ियाल सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
इस घटना से पूरे क्षेत्र मे शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। अब सबकी नजरें पुलिस की जाँच और महिला आयोग की अगली कार्यवाही पर टिकी है।









