एम्स ऋषिकेश ने दिव्यांगों के लिए शुरू की बैटरी चालित ई – वाहन सेवा
अब गेट नंबर 3 से ओपीडी तक दिव्यांग रोगियों को मिलेगी नि:शुल्क सुविधा


ऋषिकेश, 07 जुलाई : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( एम्स ) ऋषिकेश ने दिव्यांग मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोमवार को एक नई पहल की शुरुआत की है।संस्थान ने ऐसे रोगियों के लिए बैटरी चालित ई-वाहन सेवा शुरू की है जो चलने फिरने में असमर्थ हैं यह सेवा एम्स के गेट नंबर 3 से ओपीडी पंजीकरण क्षेत्र तक उपलब्ध रहेगी।
इस सुविधा का औपचारिक शुभारंभ एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य दिव्यांग रोगियों को अस्पताल परिसर में आने-जाने में हो रही दिक्कतों को कम करना है। उन्होंने कहा इससे न केवल मरीजों का समय बचेगा बल्कि वह मौसम की मार जैसे तेज धूप या बारिश से भी बच सकेंगे।
एम्स प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अस्पताल परिसर में दिव्यांगों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी जोड़ा जाएगा। अभी ई- वाहन सेवा बुजुर्गों, गंभीर रोगियों और जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध थी, लेकिन अब दिव्यांगों के लिए अलग से वाहन की व्यवस्था की गई है।
बताया गया कि एम्स ऋषिकेश की ओपीडी में प्रतिदिन 3000 से अधिक मरीज परामर्श के लिए आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में दिव्यांग और बुजुर्ग शामिल हैं। ऐसे में यह नई पहल उनके लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।
शुभारंभ कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी.सत्या श्री, असिस्टेंट प्रो. डॉक्टर श्रीलोय मोहंती, प्रमुख निजी सचिव विनीत कुमार सिंह, सुरक्षा अधिकारी पी.एस. राणा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।









