
ऋषिकेश, 11 जुलाई 2025 – त्रिवेणी घाट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक किशोर गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। हादसा उस वक्त हुआ जब नोएडा के सर्फाबाद निवासी 15 वर्षीय सचिन अपने साथियों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सचिन स्नान करते समय संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर तैनात जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगा दी। जवानों ने करीबन 100 मीटर तक बह चुके किशोर को कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया।
सचिन अपने 20-22 साथियों के साथ कावड़ यात्रा के लिए त्रिवेणी घाट आया था। घटना के बाद घाट पर मौजूद सभी लोग राहत की सांस लेते दिखे। सचिन व उसके साथियों ने जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवानों का धन्यवाद व्यक्त किया और उनकी तत्परता की सराहना की।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में जल पुलिस और SDRF की टीम के जवान – हेड कॉन्स्टेबल हरीश गुसाई, चैतन्य कुमार, धनवीर सिंह, कांस्टेबल महेश कुमार और गोताखोर विनोद सेमवाल शामिल रहे।
स्थानीय प्रशासन ने भी टीम के साहसिक कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई ने एक अनमोल जीवन को बचा लिया। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता और बढ़ा दी गई है।









