ऋषिकेश पुलिस ने एनआई एक्ट के दो फरार वारंटियों को दबोचा, न्यायालय में किया पेश
लंबे समय से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को टिहरी गढ़वाल स्थित उनके घरों से गिरफ्तार किया गया, विशेष अभियान के तहत कार्रवाई

ऋषिकेश,1 जुलाई(दिलीप शर्मा): फरार वारंटियों और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने दो फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 138 एनआई एक्ट के मामलों में गिरफ्तारी वारंट जारी थे और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, वाद संख्या 1223/2016 एवं वाद संख्या 780/2022 में जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामील के लिए गठित पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 30 जून को टिहरी गढ़वाल स्थित उनके आवासों से दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार वारंटियों में प्रतापनगर ब्लॉक के ग्राम नौघर निवासी 53 वर्षीय विजय सिंह रावत तथा नागदेव कुरियाल गांव, टिहरी गढ़वाल निवासी 57 वर्षीय दिनेश प्रसाद सकलानी शामिल हैं। मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक शैलेन्द्र ममगाईं एवं कांस्टेबल कुन्दन चंद्र की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।










