उत्तराखंडऋषिकेश

हरेला पर्व पर “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के तहत रेड फोर्ट स्कूल में भव्य वृक्षारोपण अभियान सम्पन्न

हरेला पर्व पर माँ के नाम एक पौधा, और प्रकृति के नाम हरियाली का संकल्प

ऋषिकेश, 15 जुलाई 2025 – उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा हरेला पर्व के शुभ अवसर पर आज रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम थी – “एक पेड़ माँ के नाम”, जिसके अंतर्गत छात्रों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने मिलकर विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट ने पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “हरेला पर्व केवल एक परंपरा नहीं है, बल्कि यह हमारी प्रकृति के प्रति गहरी आस्था और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। हर नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक हरित और सुरक्षित भविष्य मिल सके।”

विद्यालय की प्रधानाचार्या तरंग बेली ने अपने संबोधन में कहा कि, “इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम हैं। इससे बच्चों का प्रकृति से जुड़ाव बढ़ता है और उनमें संवेदनशीलता का विकास होता है।”

इस अभियान में उप-प्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट, मनोज बिष्ट,  विनोद बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
पूरे आयोजन का सफल संयोजन विद्यालय समन्वयक  अमित गांधी द्वारा किया गया, जिन्होंने अनुशासनबद्ध एवं उद्देश्यपूर्ण संचालन द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी को संदेश दिया कि, “यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाला भविष्य निश्चित रूप से हरित, स्वच्छ और सुरक्षित होगा।”
“हरेला पर्व पर सभी ने माँ के नाम एक पौधा, और प्रकृति के नाम हरियाली का संकल्प” लिया।

Related Articles

Back to top button