हरेला पर्व पर 1000 पौधों का संकल्प, मुनिकीरेती-ढालवाला नगर पालिका ने चलाया वृक्षारोपण अभियान


टिहरी / मुनिकीरेती-ढालवाला,16 जुलाई 2025 – पर्यावरण संरक्षण को समर्पित हरेला पर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने हर्षोल्लास के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्व को मनाया।
बुधवार को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में परिषद की टीम, सभासदगण, जनप्रतिनिधि व क्षेत्रीय नागरिकों ने 14 बीघा पुल के समीप नया बंदा मार्ग पर एकत्र होकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत “वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ” एवं “पेड़ लगाओ-हरियाली बढ़ाओ” जैसे नारों के साथ पौधारोपण मित्र विहार, सुमन मार्ग के समीप रेलवे लाइन, वार्ड 11 स्थित शिव मंदिर और भजनगढ़ क्षेत्र तक किया गया।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि निकाय ने कुल 1000 पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व केवल परंपरा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला उत्सव है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व हरित वातावरण मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को घरों में लगाने हेतु पौधे भी वितरित किए।
इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, शिवमूर्ति कंडवाल, सभासद स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, पेंशनर्स संगठन के सदस्य, समाजसेवी मनीष डिमरी, सुरेन्द्र सिंह भंडारी, अरविंद नेगी, सचिन पैन्यूली, अजय रमोला, प्रमिला बिजल्वाण, प्रभारी सफाई निरीक्षक कैलाश चंद्र सेमवाल, लिपिक संजय भंडारी, अनुज, रंजन कंडारी, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









