उत्तराखंडपर्यावरणपौड़ीलक्ष्मण झूला

थाना लक्ष्मणझूला में लोकपर्व हरेला पर धूमधाम से किया वृक्षारोपण

पौड़ी पुलिस कप्तान के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में रोपे पौधे, थानाध्यक्ष ने दी पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा

पौड़ी / लक्ष्मणझूला (ऋषिकेश ), 16 जुलाई 2025 –
उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व हरेला इस बार पौड़ी जनपद की पुलिस के लिए हरियाली की सौगात लेकर आया। पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में थाना लक्ष्मणझूला में थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर में पौधारोपण कर हरेला पर्व को पर्यावरणीय जागरूकता के साथ मनाया।

थानाध्यक्ष पैथवाल ने मौके पर कहा कि “आज के समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है और लोक पर्व हरेला हमें पारंपरिक संस्कृति के साथ पारिस्थितिक संतुलन की सीख देता है। हर व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए, जिसे वह अपनी मां के नाम समर्पित करे।”

पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी चीला, नीलकंठ और गरुड़चट्टी क्षेत्र में भी सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। इस दौरान उप निरीक्षक अभिनव शर्मा, विनोद चमोली, हेड कांस्टेबल उदय, गोपाल, देवेश, पंकज सहित महिला कांस्टेबल प्रियंका और लता ने भी पौधे लगाकर हरियाली का संदेश दिया।

थानाध्यक्ष ने सावन मास में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि यह माह प्रकृति के साथ जुड़ने का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ पर्यावरण की सौगात है।
– संवाददाता

Related Articles

Back to top button