
हरिद्वार,19 जुलाई 2025 – एस डी आर एफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा स्नान एक किशोर के लिए काल बन गया। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली निवासी एक 17 वर्षीय युवक, वंश चौहान, पुत्र श्री राकेश चौहान, गली नंबर 8 ए/1, मंडोली जेल रोड, हर्ष विहार, दिल्ली, हरिपुर कला स्थित गीता कुटीर घाट पर अपने परिजनों के साथ स्नान कर रहा था। इस दौरान गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर युवक बह गया और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। SDRF द्वारा पूरे दिन विभिन्न संभावित इलाकों में गहन सर्चिंग की गई, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
टीम को गंगा में तेज बहाव और गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद, SDRF द्वारा 20 जुलाई को भी सर्च अभियान जारी रखा गया है।
📢 जनता से अपील:
प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि गंगा स्नान के दौरान केवल निर्धारित घाटों का ही प्रयोग करें और तेज बहाव वाले खतरनाक क्षेत्रों से दूर रहें। सुरक्षा में लापरवाही भारी पड़ सकती है।
एसडीआरएफ एवं प्रशासन की सतर्कता के बावजूद सावधानी ही सुरक्षा है।









