
ऋषिकेश, 21 जुलाई 2025 – कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम द्वारा एक अज्ञात मृतक व्यक्ति के शव को 72 घंटे की अवधि तक शिनाख्त हेतु एम्स अस्पताल ऋषिकेश की मोर्चरी में सुरक्षित रूप से रखा गया है।
दिनांक 20 जुलाई 2025 को शाम लगभग 6:00 बजे एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में कार्यरत सफाई कर्मचारी सुन्दर लाल द्वारा एमएलसी मेमो संख्या 117788 के माध्यम से सूचना दी गई कि एक अज्ञात व्यक्ति, जिसकी आयु लगभग 40-45 वर्ष है, को 108 एंबुलेंस सेवा द्वारा छिद्दरवाला से योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास से मृत अवस्था में लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की वेशभूषा व हुलिये से वह बाबा जैसा प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली लेकिन उसकी पहचान संबंधी कोई दस्तावेज अथवा आईडी नहीं प्राप्त हो सकी। मृतक की पहचान के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, किंतु उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई।
मौके पर शव पंचनामा की कार्यवाही पूर्ण कर शव को शिनाख्त हेतु एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, ताकि यदि शिनाख्त हो सके तो मृतक का अंतिम संस्कार उसके परिजनों द्वारा किया जा सके।
यदि किसी व्यक्ति को उक्त अज्ञात मृतक के विषय में कोई जानकारी हो तो कृपया कोतवाली ऋषिकेश से संपर्क करने का कष्ट करें।









