उत्तराखंडऋषिकेशखोया पाया

नीलकंठ में बिछड़ी बुजुर्ग महिला को ऋषिकेश पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलवाया, कार्यप्रणाली की सराहना

महिला एवं उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश पुलिस का आभार व्यक्त किया गया

ऋषिकेश, 22 जुलाई 2025- कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया। उक्त महिला नीलकंठ यात्रा के दौरान अपने समूह से बिछड़ गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज शाम लगभग 19:00 बजे खांड गांव पार्किंग के पास एक बुजुर्ग महिला लावारिस स्थिति में पाई गई, जो अपना नाम सोनवती पत्नी बीरबल निवासी ग्राम चंदपुरा शिवनगर, तहसील आंवला, थाना सिरौली, जिला बरेली (उ.प्र.) बता रही थीं। महिला अपने गांव के अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर द्वारा नीलकंठ यात्रा हेतु ऋषिकेश आई थीं, किंतु नीलकंठ दर्शन के दौरान वह अपने समूह से बिछड़ गईं।

किसी कावड़ यात्री ने उन्हें मोटरसाइकिल से खांड गांव पार्किंग तक पहुँचाया और वहाँ तैनात पुलिस बूथ पर सुपुर्द कर दिया। मामले की गंभीरता को समझते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश द्वारा महिला को कोतवाली लाया गया और वरिष्ठ उपनिरीक्षक को उनके परिजनों की जानकारी प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक द्वारा तत्परता दिखाते हुए महिला के बताए पते पर थाना सिरौली, जनपद बरेली से संपर्क किया गया। सिरौली थाने के हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक रामवीर धीमान ने तुरंत महिला के परिजनों से संपर्क साधा तथा महिला के साथ आए अन्य लोगों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए। सूचना मिलते ही उनके साथी ऋषिकेश कोतवाली पहुंचे और बुजुर्ग महिला को सकुशल परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

महिला एवं उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

ऋषिकेश पुलिस द्वारा दिखाई गई सजगता, संवेदनशीलता और अन्य जनपदों के साथ प्रभावी समन्वय ने एक परिवार को राहत पहुंचाई और पुलिस की मानवता-प्रधान भूमिका को उजागर किया।
ऋषिकेश पुलिस की यह कार्यप्रणाली न केवल अनुकरणीय है, बल्कि आमजन के बीच सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक भी बन रही है।

Related Articles

Back to top button