उत्तराखंडऋषिकेश

श्री हेमकुंट साहिब यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, अब तक 2.28 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

ऋषिकेश, 2 अगस्त 2025 —गढ़वाल हिमालय की गोद में स्थित पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा इस वर्ष श्रद्धा और उल्लास के साथ जारी है। अब तक 2,28,000 से अधिक श्रद्धालु इस दिव्य धाम के दर्शन कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि यह यात्रा 10 अक्टूबर 2025 तक चलेगी।

सिख धर्म के दसवें गुरु, श्री गुरु हरगोबिंद सिंह जी से जुड़ा यह तीर्थ न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि अपनी बर्फीली चोटियों और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी विश्वविख्यात है। इस वर्ष अनुकूल मौसम और सुव्यवस्थित यात्रा प्रबंधन के चलते यात्रा अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बन पाई है।

सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा व्यवस्था

ऋषिकेश से गोविंदघाट तक का पर्वतीय मार्ग सामान्य वर्षा और प्रभावी मार्ग प्रबंधन के चलते सुगम बना हुआ है। कहीं-कहीं हुए भूस्खलन को भी प्रशासन ने तत्परता से हटाया, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। हेमकुंट घाटी में इस समय ब्रह्मकमल और अन्य दुर्लभ पुष्पों की रंग-बिरंगी छटा तीर्थयात्रियों को मंत्रमुग्ध कर रही है।

ट्रस्ट का आह्वान: समय रहते करें यात्रा

श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधक ट्रस्ट के अध्यक्ष,नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस अनुकूल मौसम का लाभ उठाकर शीघ्र यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने कहा, “श्री हेमकुंट साहिब की आध्यात्मिक अनुभूति और हिमालय की शांति का अनुभव जीवन में विरले ही मिलता है। यह यात्रा 10 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी, अतः भक्तजन समय रहते दर्शन का लाभ लें।”
यात्रा पूरी तरह सुचारू, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण में संचालित हो रही है। ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे नियमानुसार यात्रा करें और इस पावन धाम के दर्शन का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button