उत्तराखंडऋषिकेश

फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत योगाभ्यास का आयोजन

श्री देव सुमन विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ आयोजन

ऋषिकेश : पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के खेल एवं योग विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार, 30 अगस्त 2025 को फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष योगाभ्यास का आयोजन किया गया। यह आयोजन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे तीन दिवसीय कार्यक्रम की श्रृंखला का हिस्सा रहा, जिसकी थीम “एक घंटा मैदान में” निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर योग विभाग की ओर से विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया, जिनमें पवनमुक्तासन समूह, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, त्रियक ताड़ासन, गौमुखासन, पश्चिमोत्तानासन, शवासन, शलभासन आदि प्रमुख रहे। साथ ही, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी परिसर निदेशक प्रो. पी. के. सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन. जी. जोशी ने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य व खेल संबंधी आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।

योगाभ्यास सत्र का संचालन संयुक्त रूप से वरिष्ठ योग प्राध्यापिका डा. वीना रयाल और डा. हिमानी नौटियाल ने किया। वहीं, मंच संचालन की जिम्मेदारी योग विभागाध्यक्ष डा. जयप्रकाश कंसवाल और डा. चंद्रेश्वरी नेगी ने निभाई।

इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी प्रो. पुष्कर गॉड ने मेजर ध्यानचंद जी के जीवन और उनकी अनुशासित खेल शैली पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों व प्रतिभागियों से मेजर ध्यानचंद की जीवन यात्रा से प्रेरणा लेकर खेल व योग के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में हुआ, जिसमें योग विभाग के सभी प्राध्यापकों, छात्रों और खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Articles

Back to top button