मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन में बोलेरो वाहन हादसा, SDRF की तत्परता से कई जिंदगियां बचीं
वाहन मे सवार थे 11यात्री, मौके पर ही 2 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल,घायलों की स्थिति नाजुक, SDRF ने चलाया त्वरित रेस्क्यू अभियान


रुद्रप्रयाग/मुनकटिया, 01 सितम्बर – एस डी आर एफ से मिली जानकारी के अनुसार जनपद रुद्रप्रयाग के मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। ऊपर से गिरे भारी पत्थर की चपेट में एक मैक्स बोलेरो वाहन आ गया, जिसमें कुल 11 यात्री सवार थे। हादसे की गंभीरता इतनी अधिक थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
2 की मौत, 3 घायल
इस दुर्घटना में मौके पर ही 2 लोगों की दुःखद मृत्यु हो गई, जबकि 3 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सोनप्रयाग अस्पताल भेजा गया।

SDRF की त्वरित कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुँची। खतरनाक भूस्खलन क्षेत्र में जोखिम उठाकर जवानों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से SDRF टीम ने घायलों को वाहन से निकालकर सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया।

हर मुश्किल में जनता की ढाल बनी SDRF
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाएँ यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। ऐसे हालात में SDRF अपने साहस और तत्परता से राहत व बचाव कार्य कर रही है। मुनकटिया हादसे में SDRF की त्वरित कार्यवाही ने कई जिंदगियों को समय पर बचा लिया।
👉 यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रियों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता की ओर इशारा करती है। लेकिन राहत की बात यह है कि SDRF जैसी संवेदनशील और सक्षम टीम हमेशा जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर खड़ी है।









