ऋषिकेश, 14 सितम्बर – लगातार हो रही मूसलधार वर्षा से रविवार को ऋषिकेश व आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
चम्बा-ऋषिकेश मार्ग बगडधार के पास अवरुद्ध
SDRF से मिली जानकारी के अनुसार तेज वर्षा के कारण चम्बा-ऋषिकेश मार्ग बगडधार के पास भूस्खलन हो गया। भारी मात्रा में मलबा व पत्थर सड़क पर आ जाने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इससे आवागमन बाधित होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है।
नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मार्ग भी बंद
इसी प्रकार नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मार्ग भी वर्षा और भूस्खलन के चलते बाधित हो गया है। इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मशीनरी लगाकर मार्ग खोलने में जुटी हुई है, किंतु लगातार हो रही वर्षा से राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ऋषिकेश शहर में तेज बारिश
वहीं ऋषिकेश शहर में सुबह से ही तेज बारिश का दौर जारी है। मुख्य बाज़ार और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोग अपने घरों में ही रहने को मजबूर हैं।
प्रशासन अलर्ट पर
जिला प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। SDRF व आपदा प्रबंधन की टीमें standby मोड पर रखी गई हैं।
बारिश के चलते क्षेत्रीय लोगों को न सिर्फ आवाजाही में दिक्कत आ रही है, बल्कि पर्यटकों की योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।









