उत्तराखंडऋषिकेशपुलिस बुलेटिन

दून पुलिस ने किया नकबजनी व वाहन चोरी का पर्दाफाश

शातिर चोर सोनू शर्मा गिरफ्तार, दो बाइक और लाखों की ज्वैलरी बरामद

ऋषिकेश,14 सितम्बर – देहरादून पुलिस ने नकबजनी व वाहन चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को दबोच लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, करीब तीन लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी और अन्य सामान बरामद किया है। खास बात यह रही कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए भी चोरी के वाहन का ही इस्तेमाल करता था और फिर पुलिस से बचने के लिए माल को सुनसान स्थानों पर छिपा देता था।

घटना का विवरण

12 सितंबर 2025 को ऋषिकेश निवासी श्री दिपेश रस्तोगी ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी कि उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ज्वैलरी व अन्य सामान चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पुराने अपराधियों की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर गोल चक्कर आईडीपीएल के पास से आरोपी सोनू शर्मा पुत्र राजकुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी का सामान और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-20-BE-3666) भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उक्त बाइक उसने एम्स ऋषिकेश से चोरी की थी। इसके अलावा करीब 4-5 माह पूर्व दिल्ली लक्ष्मीनगर से एक अन्य मोटरसाइकिल (DL-05-BU-6752) भी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वह बाइक भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में खुलासे

आरोपी सोनू शर्मा ने बताया कि वह पिछले कुछ माह से ऋषिकेश के अपर गंगानगर क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर रहा था। कमाई कम होने के कारण उसने चोरी की राह पकड़ ली। एम्स से चोरी की गई बाइक पर सवार होकर उसने गोविंद नगर में नकबजनी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद चोरी का माल और वाहन उसने आईडीपीएल क्षेत्र के सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी का माल बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

  • नाम: सोनू शर्मा पुत्र श्री राजकुमार
  • निवासी: मोहल्ला कुटिया कॉलोनी, कोतवाली शहर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश
  • वर्तमान पता: अपर गंगानगर, थाना ऋषिकेश, जिला देहरादून
  • उम्र: 35 वर्ष

बरामद माल

स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-20-BE-3666) – एम्स ऋषिकेश से चोरी

मोटरसाइकिल (DL-05-BU-6752) – लक्ष्मीनगर, दिल्ली से चोरी

ज्वैलरी व अन्य सामान – कीमत लगभग 3 लाख रुपये (गोविंद नगर चोरी से संबंधित)

पुलिस टीम

  • निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा, प्रभारी कोतवाली ऋषिकेश
  • उ.नि. निखिलेश बिष्ट, चौकी प्रभारी एम्स
  • उ.नि. नवीन डंगवाल, चौकी प्रभारी आईएसबीटी ऋषिकेश
  • अ.उ.नि. राजकुमार
  • कां. मनोज नेगी
  • कां. दिनेश महर
  • कां. सुधीर कुमार
  • कां. अभिषेक
  • कां. रूपेश

दून पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सक्रिय गश्त, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की बदौलत शातिर चोरों तक पहुंचना संभव हो पाया है।

Related Articles

Back to top button