एसडीआरएफ ढालवाला में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती
मशीनों और उपकरणों की विधिवत पूजा, आपदा प्रबंधन कार्यों में तत्पर रहने का लिया संकल्प

ढालवाला/मुनिकीरेती, 17 सितम्बर – एसडीआरएफ ढालवाला परिसर में बुधवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समस्त मशीनों एवं उपकरणों की विधिवत साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना की गई।

कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक रूप से भाग लेते हुए भगवान विश्वकर्मा से शक्ति, दक्षता और सफलता की कामना की। इस दौरान सभी ने यह संकल्प लिया कि आपदा प्रबंधन कार्यों में सदैव तत्पर रहकर उपकरणों व मशीनों का बेहतर रख-रखाव और सदुपयोग किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन और निर्माण का देवता माना जाता है। इस दिन औजारों और उपकरणों की पूजा कर उनके प्रति आभार प्रकट करना भारतीय परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, भक्ति और उत्साह का विशेष वातावरण रहा। जवानों ने इस अवसर पर यह भी दोहराया कि आपदा की किसी भी परिस्थिति में एसडीआरएफ हमेशा समाज की सेवा के लिए तत्पर रहेगी।









