पौड़ी पुलिस ने गोल्डन ऑवर में बचाई 5 ज़िंदगियाँ
नीलकंठ रोड़ पर पटना वाटरफॉल के समीप गहरी खाई में गिरी वेगनआर, पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
लक्ष्मणझूला/पौड़ी(ऋषिकेश)– पौड़ी पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। नीलकंठ रोड पर पटना वाटरफॉल बैंड के पास एक वेगनआर वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन में सवार पांच लोगों की जान बचा ली।
हादसा शाम को हुआ, सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुँची मौके पर
दिनांक 18 सितंबर 2025 को शाम 7:28 बजे थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को 112 कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना प्राप्त हुई। सूचना थी कि एक वेगनआर (संख्या UP16 3392) पटना वाटरफॉल बैंड के समीप खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही गरुड़ चट्टी पर तैनात पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
खाई से निकाले गए सभी यात्री, अस्पताल पहुँचाए गए
पुलिस टीम ने वाहन में सवार सभी पाँच लोगों को गहरी खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुँचाया। इसके बाद थाना इंटरसेप्टर वाहन और स्थानीय वाहनों की मदद से घायलों को शाम 8:10 बजे तक प्राथमिक उपचार के लिए लक्ष्मणझूला अस्पताल पहुँचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं और एक बच्ची को 108 एंबुलेंस और अस्पताल की एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
घायल व्यक्तियों की पहचान
1. शिवम अग्रवाल, पुत्र स्व. पवन अग्रवाल, निवासी राजभर एन्क्लेव, गाज़ियाबाद, उम्र 31 वर्ष (सामान्य चोट)
2. सोनम, पत्नी शिवम अग्रवाल, उम्र 34 वर्ष (गंभीर चोट)
3. रिद्धिमा, पुत्री शिवम अग्रवाल, उम्र 4 वर्ष (गंभीर चोट)
4. शिवांश अग्रवाल, पुत्र शिवम अग्रवाल, उम्र 4 वर्ष (सामान्य चोट)
5. सोनल अग्रवाल, पत्नी शिवम अग्रवाल, उम्र 36 वर्ष (गंभीर चोट)
हादसे का कारण
वाहन चालक शिवम अग्रवाल ने बताया कि पूरा परिवार गाज़ियाबाद से ऋषिकेश और नीलकंठ घूमने आया था। शाम 7:20 बजे जब वे नीलकंठ की ओर जा रहे थे, तो परिवार ने रात्रि अधिक होने के कारण लौटने का सुझाव दिया। इसी दौरान पटना वाटरफॉल के पास वाहन मोड़ते समय अचानक टायर स्लिप हो गया और गाड़ी खाई में जा गिरी।
गुड सेमैरिटन बने स्थानीय लोग
रेस्क्यू में पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोग भी आगे आए।
- आनंद डोभाल, पुत्र सुमन प्रसाद, निवासी बड़कोट (उत्तरकाशी) ने अपने वाहन से चार घायलों को प्राथमिक अस्पताल पहुँचाने में मदद की।
- वहीं, सड़क से गुजर रहे चार बाइक सवार युवकों ने भी पुलिस को सहयोग किया। उनके नाम और पते का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस रेस्क्यू अभियान में थाना लक्ष्मणझूला की पुलिस टीम—
- एएसआई सुरेंद्र सिंह
- हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र नेगी
- कॉन्स्टेबल निर्मल
- होमगार्ड दीपक ने सक्रिय भूमिका निभाई।
परिजनों ने जताया आभार
लक्ष्मणझूला अस्पताल में घायल परिवार के स्थानीय रिश्तेदार भी पहुँचे और उन्होंने पौड़ी पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि गोल्डन ऑवर में की गई त्वरित कार्रवाई से ही उनके प्रियजनों की जान बच सकी।










