स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ
पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा ),17 सितम्बर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितम्बर) से गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत सोमवार को उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान,पूर्व मेयर अनीता मामगाई,राज्य मंत्री सुरेंद्र मोघा, भाजपा नगर अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
अभियान के अंतर्गत आयोजित निशुल्क सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान अनीमिया, क्षयरोग (टीबी), कैंसर, किशोर स्वास्थ्य, हृदय रोग, रक्त जांच, नाक-कान-गला, हड्डी रोग, बाल रोग, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य जैसी जांचें की गईं। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
शिविर में जांच करवाने आए मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक लगभग दो सौ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है।

जनजागरूकता पर जोर
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समाज की नींव है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक चलने वाला यह स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा जनता को न केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि बीमारियों की रोकथाम के प्रति भी जागरूक करेगा।
अभियान के तहत आने वाले दिनों में विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के निःशुल्क सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में अजय गुप्ता, जीतेन्द्र अग्रवाल, के. एस. राणा, दीपक धामीजा, मनीष डिमरी, दिनेश कोठरी एवं अस्पताल के समस्त डाक्टर, नर्स और स्टॉफ उपस्थित थे।









