
ऋषिकेश, 25 सितम्बर – भारत सरकार के आदेशानुसार पूरे देश में चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत नगर निगम ऋषिकेश ने शुक्रवार को शहरवासियों के साथ मिलकर एक दिन, एक घंटा, एक साथ थीम पर वृहद सफाई अभियान का आयोजन किया।
त्रिवेणी घाट पर सामूहिक श्रमदान
25 सितंबर को त्रिवेणी घाट परिसर में हुए कार्यक्रम में नगर निगम के सभी पार्षद, विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, संगठन, एनजीओ, त्रिवेणी सेना, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकर्ता, के एल मदान संस्था के कर्मचारी, नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं व आमजन ने भागीदारी की।
इस दौरान श्रमदान कर पांच टन से अधिक प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया गया, जिसे निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट में भेजा गया।
महापौर ने की अपील
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर द्वारा किया गया। उन्होंने सिंगल-यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। साथ ही सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
महापौर ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश समय-समय पर इस तरह के स्वच्छता अभियान चलाता रहेगा और आमजन को जागरूक करता रहेगा।
पूरे शहर में अभियान
त्रिवेणी घाट के अलावा निगम ने शहर के सभी 40 वार्डों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान कचरा एकत्र करने के साथ-साथ नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने और प्लास्टिक उपयोग कम करने का संदेश भी दिया गया।