ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा) : आईएसबीटी स्थित नगर निगम कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को महापौर शंभू पासवान ने पार्षद कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। नगर निगम द्वारा पार्षदों की सुविधा एवं जनसंपर्क कार्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह कक्ष तैयार किया गया है।
महापौर ने कहा कि पार्षद कक्ष के निर्माण से अब सभी पार्षदों को बैठने, जनता से मुलाकात करने और उनके वार्ड से संबंधित समस्याओं को सुनने व समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए निरंतर प्रयासरत है और पार्षद कक्ष उसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त रामगोपाल बेनीवाल ने कहा कि पार्षद जनप्रतिनिधि के रूप में जनता और निगम प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में उनके लिए समुचित कार्यस्थल उपलब्ध कराना आवश्यक था।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद सिमरन उपल, सोनू प्रभाकर, मुस्कान रीना शर्मा, वीरेंद्र भारद्वाज, मनीष जाटव, संजय ध्यानी, चंदू यादव, सुजीत यादव सहित अन्य पार्षद एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे इस कक्ष का अधिकतम उपयोग करते हुए जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।










